जयपुर। अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आईफा) वीकेंड और अवॉर्ड्स के 27 वें संस्करण में पहली बार करण जौहर,वरुण धवन,मनीष पॉल और अनन्या पांडे एक साथ मेजबानी करते नजर आएंगे। यह आयोजन 22 और 23 जनवरी 2027 को अबू धाबी के यस आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में होगा। समारोह के टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। दर्शक एतिहाद एरिना और प्लेटिनम लिस्ट की वेबसाइट से टिकट बुक कर सकते हैं।
चारों कलाकार अपने अलग-अलग अंदाज, हास्य, ऊर्जा और आकर्षण से समारोह को यादगार बनाने की तैयारी में हैं। करण जौहर की खास शैली, वरुण धवन की मंचीय ऊर्जा, मनीष पॉल की हास्य प्रस्तुति और अनन्या पांडे की युवा मौजूदगी समारोह में मनोरंजन का नया रंग जोड़ेंगी। आयोजन का उद्देश्य अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शकों को हंसी, रोमांच और यादगार पलों से भरपूर अनुभव देना है। आईफा 2027 को भारतीय सिनेमा की प्रतिभा, कहानियों और उपलब्धियों के वैश्विक उत्सव के रूप में पेश किया जाएगा।
करण जौहर ने कहा कि आईफा के साथ उनका रिश्ता काफी पुराना है और इस मंच से उनकी कई यादगार स्मृतियां जुड़ी हैं। छह बार मेजबानी करने के बावजूद समारोह की लाइव रात का उत्साह, घबराहट और अप्रत्याशित घटनाओं का रोमांच आज भी बरकरार है। उन्होंने अबू धाबी लौटने को खास बताते हुए कहा कि वह आईफा 2027 में हंसी और हैरान कर देने वाले पलों के लिए उत्साहित हैं।
वरुण धवन ने कहा कि आईफा पूरे फिल्म जगत को एक मंच पर लाकर भारतीय सिनेमा के उत्सव को दुनियाभर तक पहुंचाता है। समारोह के मंच पर प्रस्तुति देने और अबू धाबी में आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा बनने से उनकी कई शानदार यादें जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यस आइलैंड लौटकर मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है। आईफा अब केवल पुरस्कार समारोह नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की वैश्विक लोकप्रियता का उत्सव बन चुका है।
अनन्या पांडे आईफा में पहली बार मेजबान की भूमिका निभाएंगी। उन्होंने बताया कि उनका आईफा सफर यस आइलैंड, अबू धाबी से ही शुरू हुआ था, जहां उन्होंने पहली बार इस प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुति दी थी। बचपन से आईफा देखने वाली अनन्या ने इसे सपने के सच होने जैसा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि अब सह-मेजबान के रूप में लौटना उनके लिए बेहद खास है और वह दुनिया भर के दर्शकों के साथ भारतीय सिनेमा का जश्न मनाने को उत्साहित हैं।
मनीष पॉल ने कहा कि आईफा की मेजबानी उनके सफर का अहम हिस्सा रही है। कई बार इस मंच पर आने के बावजूद हर संस्करण में वही उत्साह और घबराहट महसूस होती है। लाइव दर्शकों, सितारों, हंसी-मस्ती और मनोरंजन का अनुभव अनूठा है। उन्होंने 27वें संस्करण में फिर से मेजबानी करने, सह-मेजबानों के साथ मनोरंजन करने और भारतीय सिनेमा के लिए नए यादगार पल बनाने को लेकर उत्साह जताया।



















