जयपुर। चाकसू थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टोंक रोड स्थित बिराहीपुरा मोड़ पर नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप कंटेनर से करीब 4.24 लाख रुपए मूल्य की हरियाणा ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि चाकसू थानाधिकारी मनोहर लाल के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टोंक रोड मार्ग से अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना पर उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिराहीपुरा मोड़ पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की।
नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध पिकअप कंटेनर दिखाई दिया, जिस पर ‘इंडिया पोस्ट’ लिखा हुआ था। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो पार्सलों की जगह हरियाणा ब्रांड की अवैध शराब और बीयर भरी मिली।
पुलिस ने वाहन से कुल 98 कार्टन बरामद किए, जिनमें 70 कार्टन बडवाइजर बीयर (1680 केन) तथा 28 कार्टन ऑल सीजन्स व्हिस्की (1344 पव्वे) शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख 24 हजार रुपए आंकी गई है।
मौके से पुलिस ने अमित जांगिड़ (29) निवासी रोहतक (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप हरियाणा से कहां से लाई गई थी और जयपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल बाबूलाल, कमलेश, संदीप और दिनेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


















