जयपुर। द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) की उत्तरी भारत क्षेत्रीय परिषद (एनआईआरसी) के तत्वावधान में जयपुर चैप्टर की ओर से शनिवार को राजस्थान राज्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की थीम “आईपीओ के माध्यम से विकास की राह: सुशासन, अनुपालन एवं मूल्य सृजन” रही।
इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर सांसद मंजू शर्मा थीं। वहीं आईसीएसआई के केंद्रीय परिषद सदस्य सीएस मनोज पुरबे और सीएस सुरेश पांडे ने कॉर्पोरेट गवर्नेंस, नियामकीय अनुपालन, पूंजी बाजार और निवेशकों के विश्वास को मजबूत बनाने में कंपनी सचिवों की भूमिका पर विचार रखे।
जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सीएस सुमित कुमार श्योराण ने कहा कि कंपनी सचिव आईपीओ प्रक्रिया के सफल संचालन के साथ-साथ पोस्ट आईपीओ अनुपालन, पारदर्शिता, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और दीर्घकालिक मूल्य सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सम्मेलन के तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने आईपीओ प्रक्रिया, नियामकीय आवश्यकताओं, सूचीबद्धता के बाद अनुपालन, निवेशक संरक्षण, जोखिम प्रबंधन और श्रेष्ठ कॉर्पोरेट गवर्नेंस जैसे विषयों पर जानकारी दी।
समापन पर जयपुर चैप्टर के सचिव सीएस वरुण मेहरा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कंपनी सचिवों, कॉर्पोरेट पेशेवरों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



















