जयपुर पुलिस की पर्यावरण हित में पहल: रेडलाइट पर इंजन बंद करने की अपील

0
45

जयपुर। राजधानी जयपुर में ट्रैफिक पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा की बचत के लिए एक सराहनीय कदम उठाया है। शहर के व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल रेड लाइट के दौरान वाहनों का इंजन बंद रखने के लिए जयपुर पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ईंधन की फिजूलखर्ची को रोकना और शहर में बढ़ते वायु एवं ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाना है।

जयपुर पुलिस के जवान चौराहों पर खड़े होकर लाउडस्पीकर के माध्यम से वाहन चालकों से संवाद कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि टू-व्हीलर हो या फोर-व्हीलर, यदि आप रेडलाइट पर रुके हैं, तो कृपया अपने वाहन का इंजन बंद कर दें। यह न केवल आपके पेट्रोल-डीजल की बचत करेगा, बल्कि राष्ट्रहित में भी एक बड़ा योगदान होगा।

विशेषज्ञों के अनुसार ट्रैफिक सिग्नल पर औसतन 60 से 90 सेकंड का समय होता है। इस दौरान इंजन आइडलिंग पर रहने से न केवल कीमती ईंधन जलता है, बल्कि विषैली गैसों का उत्सर्जन भी अधिक होता है।

जयपुर जैसे महानगर में जहाँ हजारों वाहन हर दिन रेड लाइट पर रुकते हैं, वहां इंजन बंद रखने की एक छोटी सी आदत व्यक्तिगत और राष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल-डीजल के आयात खर्च को कम कर सकती है। कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर हवा की गुणवत्ता में सुधार कर सकती है, वही इंजन बंद होने से चौराहों पर होने वाले शोर में भी भारी कमी आएगी।

जयपुर पुलिस की इस अपील को शहरवासियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। बढ़ती ईंधन कीमतों और पर्यावरण को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच लोग इस पहल को एक सकारात्मक कदम मान रहे हैं। कई वाहन चालकों ने पुलिस के इस जागरूकता संदेश के बाद स्वेच्छा से रेडलाइट पर इंजन बंद करना शुरू कर दिया है।

जयपुर पुलिस ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे केवल एक नियम के तौर पर नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में इस मुहिम का हिस्सा बनें। पुलिस का मानना है कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव ही देशहित और पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here