चांदपोल के ठिकाना मंदिर में जनकपुर की रस्में और विदाई

0
14

जयपुर। चांदपोल स्थित ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में चल रहे श्री राम-जानकी विवाह मंगल महोत्सव के अंतर्गत रविवार, 29 नवंबर को जनकपुर में विवाह के बाद निभाई जाने वाली पारंपरिक रस्में और नेगचार राजसी परंपराओं के साथ आयोजित होंगे। मंदिर परिसर में मांगलिक गीतों, बधाइयों और उत्सव के माहौल के बीच श्री सीताराम जी के विवाह की परंपराओं को सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

विवाह उत्सव के तहत 29 नवंबर को सबसे पहले कंवर कलेवा की रस्म होगी, जिसमें दूल्हे सरकार श्री राम जी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद कंकन खुलवाई की परंपरा निभाई जाएगी। फिर रामजी और सीताजी को जुआ-जुई खिलाने की रस्म होगी, जिसमें पहली बाजी सीता जी और अगली बाजी श्री राम जी जीतेंगे। इसके पश्चात मिजमानी भोग में विविध मिठाइयां, नमकीन, सब्जियां और पारंपरिक पकवान ठाकुर जी को अर्पित किए जाएंगे।

विवाह रस्मों के बाद जनकपुर से माता जानकी की भावपूर्ण विदाई होगी। पारंपरिक विवाह गीतों और मंगल भावों के बीच विदाई के उपरांत अयोध्या पहुंचने पर श्री सीताराम जी का भव्य स्वागत किया जाएगा। मंदिर प्रांगण में फूलों व गुलाल से रंगोलियां सजाई जाएंगी और दीप जलाकर दीपोत्सव जैसा वातावरण बनेगा। श्रद्धालु बधाइयां और मंगल गीत गाकर नवविवाहित युगल का स्वागत करेंगे।

महोत्सव की अगली कड़ी में 30 नवंबर को अवध में पैसारा उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें श्री सीताराम जी के अयोध्या आगमन के बाद की पारंपरिक रस्में होंगी। मंदिर में उत्सव को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here