3 जुलाई से होगा जस-2026 का आगाज: जयपुर बनेगा वैश्विक जेम्स-ज्वेलरी कारोबार का केंद्र

0
47
JAS-2026 to kick off on July 3.
JAS-2026 to kick off on July 3.

जयपुर। ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर (जेएएस) अपने स्थापना के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 3 से 5 जुलाई तक सीतापुरा स्थित नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में जस-2026 : द प्रीमियम बी2बी शो का आयोजन करेगा। बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) प्रारूप में आयोजित होने वाला यह सातवां संस्करण इस बार पहले से अधिक भव्य होगा। शो को इस वर्ष एमएसएमई में भी पंजीकृत किया गया है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मंगोड़ी वाला ने बताया कि इस वर्ष कुल 351 प्रदर्शनी बूथ लगाए जाएंगे, जिनमें 201 जेमस्टोन तथा 149 ज्वेलरी एवं एलाइड सेक्टर के होंगे। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब 16 प्रतिशत अधिक बूथ लगाए जा रहे हैं। शो में जयपुर की विश्व प्रसिद्ध रत्न तराशने की कला, कुंदन-मीना-पोलकी जड़ाऊ आभूषणों के साथ आधुनिक डायमंड ज्वेलरी का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दुनिया के लगभग 95 प्रतिशत पन्नों (एमरल्ड) की प्रोसेसिंग आज भी जयपुर में होती है, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

दुनिया की नामी हस्तियां करेंगी उद्घाटन

शो के संयोजक अशोक माहेश्वरी और सह-संयोजक अनिल तांबी ने बताया कि 3 जुलाई को होने वाले उद्घाटन समारोह का शुभारंभ किरण जेम्स प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक मावजीभाई शामजीभाई पटेल करेंगे। समारोह में मालाबार ग्रुप के वाइस चेयरमैन के.पी. अब्दुल सलाम, दुबई ज्वेलरी ग्रुप के चेयरमैन एवं जवहरा ज्वेलरी के सीईओ ताहिद अब्दुल्लाह तथा एनजीजेसीआई के चेयरमैन प्रमोद डेरेवाला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

जयपुर-दुबई के बीच होगा ऐतिहासिक एमओयू

इस वर्ष आयोजन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर (जस) और दुबई गोल्ड एंड ज्वेलरी ग्रुप (डीजेजी) के बीच होने वाला एमओयू रहेगा। इस समझौते से जयपुर के ज्वेलर्स को दुबई सहित वैश्विक बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी। साथ ही डिजाइन नवाचार, आधुनिक विनिर्माण तकनीक, कौशल विकास, गुणवत्ता मानकों, सर्टिफिकेशन और सस्टेनेबल ट्रेड को बढ़ावा मिलेगा।

नवरतन कोठारी को मिलेगा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

एसोसिएशन के मानद मंत्री अजय गोधा ने बताया कि 4 जुलाई को आयोजित 18वें ज्वेलरी एमिनेंस अवार्ड्स (जेईए-2026) समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में केजीके ग्रुप के चेयरमैन नवरतन कोठारी को जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

21 श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार

जेईए के समन्वयक नरेश अग्रोया ने बताया कि इस वर्ष 21 श्रेणियों में प्राप्त 647 प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया गया है। 4 जुलाई को आयोजित ग्रैंड गाला नाइट में बॉलीवुड अभिनेत्री युविका चौधरी विजेताओं को सम्मानित करेंगी। समारोह में शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन सईद घानिम अल सुवैदी सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

देश-विदेश के खरीदार होंगे शामिल

आयोजन में देश-विदेश के 26 से अधिक शहरों के प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। अब तक 2,000 से अधिक ट्रेड बायर्स और 1,000 से अधिक होस्टेड बायर्स पंजीकरण करा चुके हैं। आगंतुकों के लिए ‘जेएएस रॉयल लाउंज’ में राजस्थानी, पंजाबी और कॉन्टिनेंटल व्यंजनों की व्यवस्था रहेगी तथा परिसर में गोल्फ कार्ट सुविधा उपलब्ध होगी।

करोड़ों-अरबों रुपये के बहुमूल्य रत्नों और आभूषणों की सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में 24 घंटे त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस, निजी सुरक्षा कर्मियों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे आयोजन की निगरानी की जाएगी।

एसोसिएशन की कोर टीम में उपाध्यक्ष गोविंद प्रकाश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष गोविंद कुमार गुप्ता, संयुक्त मंत्री महावीर कुमार गुप्ता, संयोजक अशोक माहेश्वरी तथा सह-संयोजक अनिल तांबी सहित अन्य पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here