जयपुर। जयपुर उत्तर जिले की पर्यटक थाना पुलिस ने देशी पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 37 वर्षीय आरोपी जाऊदीन कुरैशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 18 अक्टूबर को शिकायत मिलने के बाद उसी दिन मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि देशी पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। जिसके चलते पर्यटक थाना प्रभारी शशिकला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ऑटो चालकों, राहगीरों और दुकानदारों से पूछताछ कर आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पीछा कर जाऊदीन कुरैशी (37) निवासी रामगढ़ रोड जयसिंहपुरा खोर जयपुर को गिरफ्तार किया गया।



















