जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में शनिवार देर शाम बदमाश ने एक बुजुर्ग महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गले से सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गया। वारदात की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाई, लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लगा। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ हुलिए के आधार पर लुटेरे की तलाश कर रही है।
मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया कि रजत पथ निवासी 70 वर्षीय महिला शनिवार शाम करीब छह बजे घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी। घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही पीछे से आया एक बदमाश उनके पास से निकला और हाथ में लगा मिर्च पाउडर उनकी आंखों में डाल दिया।
आंखों में मिर्च पाउडर पड़ने से महिला नीचे झुकी, तभी बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। महिला के शोर मचाने और पीछा करने पर आरोपी गलियों से होकर तेजी से भाग निकला। सूचना मिलने पर मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।



















