जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की विशेष अनुसंधान इकाई ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति रेवदर, जिला सिरोही में पदस्थ कनिष्ठ तकनीकी सहायक (संविदा कर्मी) दिनेश कुमार वैष्णव को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी ग्राम पंचायत में 10 कैटल शेड निर्माण कार्यों की तकनीकी स्वीकृति जारी करने के एवज में आरोपी प्रति कैटल शेड 10 हजार रुपए की दर से कुल 1 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत का 11 फरवरी 2026 को सत्यापन किया गया। सत्यापन में सामने आया कि आरोपी तकनीकी स्वीकृति जारी करने के बदले प्रति कैटल शेड 8 हजार रुपए की दर से कुल 80 हजार रुपए रिश्वत मांग रहा था।
इस पर उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में विशेष अनुसंधान इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप सारस्वत के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को परिवादी से 80 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।




















