जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम दक्षिण ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश कान्हा सिंह उर्फ कान्हा ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त (सोडाला) सुनील शर्मा के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में श्याम नगर थानाधिकारी दलबीर सिंह और डीएसटी दक्षिण प्रभारी विशम्भर दयाल शामिल थे।
मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर टीम ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी कान्हा सिंह (26) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले का रहने वाला है। वर्तमान में वह जयपुर के मालपुरा गेट थाना क्षेत्र स्थित सुंदर नगर कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी टिकेन्द्र सिंह को पहले ही फरवरी माह में गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कान्हा ठाकुर पर राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी में जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल रवि कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।



















