मोमोज विक्रेता के झुलसने के मामले में सरकार पर बरसे खाचरियावास

0
48

जयपुर। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में मोमोज का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाली रेशू गुप्ता के झुलसने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण, अमानवीय और शर्मनाक बताते हुए राज्य सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।

खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान पुलिस कार्रवाई में रेशू गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गई। उन्होंने आरोप लगाया कि गर्म उबलता पानी गिरने से उसके शरीर के संवेदनशील अंग तक जल गए, लेकिन उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके पर ही छोड़ दिया गया। उन्होंने इसे किसी भी सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य बताया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि रेशू गुप्ता अपनी मां और बहन के साथ मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण करती है। ऐसे में उसके साथ हुई घटना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि घटना के कई दिन बाद भी सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता से मिलने नहीं पहुंचा।

खाचरियावास ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से स्वयं पीड़िता से मिलने, उसके समुचित इलाज की व्यवस्था कराने तथा आर्थिक सहायता देने की मांग की। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना और उसके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है। खाचरियावास ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में जिम्मेदारी नहीं निभाती है तो कांग्रेस पार्टी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि एक गरीब महिला के साथ हुई इतनी गंभीर घटना पर सरकार अब तक मौन क्यों है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here