कोटक महिंद्रा बैंक ने शुरू किया ‘सेहत का सफर 4.0’

0
35

मुंबई। कोटक महिंद्रा बैंक (केएमबीएल/कोटक) ने अपने प्रमुख कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम ‘सेहत का सफर 4.0’ के चौथे संस्करण की शुरुआत की घोषणा की है। यह पहल खास तौर पर देश के ट्रक ड्राइवरों, ट्रांसपोर्टरों और उनके परिवारों के लिए निःशुल्क निवारक स्वास्थ्य जांच सुविधा उपलब्ध कराती है।

ये वही लोग हैं जो देश की अर्थव्यवस्था को लगातार गतिशील बनाए रखते हैं, लेकिन अक्सर स्वास्थ्य सुविधाओं तक उनकी पहुंच सीमित रह जाती है। साल 2022 में शुरू हुई यह पहल हर वर्ष विस्तार पाती गई है। अब तक इसके तीन संस्करणों में 75 से अधिक शहरों में 120 से ज्यादा स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनसे लगभग 13,500 ड्राइवर लाभान्वित हुए हैं।

‘सेहत का सफर 4.0’ की शुरुआत 18 दिसंबर 2025 से हो चुकी है और यह 31 मार्च 2026 तक चलेगा। इस अवधि में देश के प्रमुख परिवहन मार्गों पर 45 से अधिक स्वास्थ्य और नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष बैंक का लक्ष्य करीब 4,500 ट्रक ड्राइवरों और उनके परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का है, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के साथ आर्थिक सुरक्षा भी मिल सके।

इस पहल के अंतर्गत ओडिशा, असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब सहित कई प्रमुख ट्रांसपोर्ट केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे।

कोटक महिंद्रा बैंक के प्रेसिडेंट – लॉजिस्टिक्स एवं इंफ्रास्ट्रक्चर, अमित मोहन ने कहा, “देश का लॉजिस्टिक्स क्षेत्र हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसकी मजबूती उन लोगों पर निर्भर करती है जो इसे आगे बढ़ाते हैं। ‘सेहत का सफर 4.0’ के माध्यम से हम सीधे ट्रांसपोर्ट हब्स तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रहे हैं, ताकि ड्राइवर और उनके परिवार समय पर जांच और उपचार का लाभ ले सकें। इससे न केवल उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि एक सशक्त और स्वस्थ कार्यबल तैयार होगा, जो देश की सतत आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

‘सेहत का सफर 4.0’ के प्रत्येक शिविर में योग्य डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और काउंसलर मौजूद रहेंगे। वे स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी चलाएंगे और ड्राइवरों को संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। लंबी और व्यस्त यात्राओं के कारण ड्राइवरों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराना आसान नहीं होता। ऐसे में प्रमुख परिवहन मार्गों पर शिविर लगाकर यह पहल उनकी इस कठिनाई को दूर करने का प्रयास करती है।

अपने विस्तारित दायरे और बेहतर जांच सुविधाओं के साथ ‘सेहत का सफर 4.0’ के माध्यम से कोटक महिंद्रा बैंक देश के परिवहन कर्मियों के स्वास्थ्य को मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को और आगे बढ़ा रहा है, ताकि एक सुदृढ़ लॉजिस्टिक्स तंत्र देश की आर्थिक प्रगति को निरंतर गति देता रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here