जयपुर। प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा-2018 में ओएमआर शीट से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से चयन कराने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र के खड़का निवासी 28 वर्षीय संजय कुमार सैनी को गिरफ्तार किया है। जिसने ओएमआर शीट में हेरफेर के जरिए चयन सूची में स्थान हासिल किया था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि पुलिस थाना एसओजी में दर्ज प्रकरण की जांच में सामने आया कि ओएमआर स्कैनिंग एजेंसी राभव लिमिटेड के कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से आरोपी के वास्तविक 43 अंक को स्कैनिंग के दौरान 191 अंक दर्शा दिया गया था।
बाद में कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा दोबारा स्कैनिंग कराने पर वास्तविक अंक सामने आए और फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि राभव लिमिटेड के कर्मचारी विनोद कुमार गौड़ और शादान खान ने कुल 27 अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट में कांट छांट कर उन्हें अंतिम चयन सूची में शामिल कराया था। एसओजी आरोपी से पूछताछ कर फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
इस मामले में एसओजी पहले ही एजेंसी के कर्मचारी विनोद कुमार गौड़, शादान खान, कंपनी के कार्यकारी निदेशक रामप्रवेश सिंह तथा अभ्यर्थी महेंद्र कुमार मीना, देवेंद्र सिंह गुर्जर, विजय सिंह मीना और पिंटू कुमार मीना को गिरफ्तार कर चुकी है।



















