वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा का शुभारंभ: रामेश्वरम-मदुरै के लिए स्पेशल ट्रेन को देवस्थान मंत्री कुमावत ने दिखाई हरी झंडी

0
37

जयपुर। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की महत्वाकांक्षी ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026’ का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। योजना के तहत रामेश्वरम और मदुरै के लिए पहली विशेष ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रवाना की गई। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने रिबन काटकर और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।

इस अवसर पर स्टेशन परिसर भजनों, धार्मिक जयकारों और श्रद्धालुओं के उत्साह से गुंजायमान रहा। दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर आयोजित समारोह में देवस्थान मंत्री ने यात्रा पर जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कुमावत ने कहा कि रामेश्वरम की यात्रा का अवसर मिलना ईश्वर की विशेष कृपा और पूर्व जन्मों के पुण्यों का फल है। उन्होंने कहा कि उन्हें स्वयं भी अब तक रामेश्वरम में दर्शन का अवसर नहीं मिल पाया है, जबकि प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को यह सौभाग्य मिला है।

उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के बुजुर्गों को बिना किसी आर्थिक चिंता के सम्मानपूर्वक तीर्थ यात्रा का अवसर उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने केवल सरकार नहीं चलाई, बल्कि हर राजस्थानी परिवार के बेटे का दायित्व निभाया है

मंत्री ने यात्रियों से रामेश्वरम पहुंचकर प्रदेश की खुशहाली, अच्छी वर्षा, किसानों की समृद्धि, गौ-संरक्षण और देश की उन्नति के लिए प्रार्थना करने का आग्रह भी किया। पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन में राजस्थान के चार जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। इनमें जयपुर जिले के 161, कोटपुतली-बहरोड़ के 177, धौलपुर जिले के 213 तथा झालावाड़ जिले के 419 श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं। धौलपुर और झालावाड़ के श्रद्धालु सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए।

ट्रेन 15 जुलाई को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां यात्रियों का एक दिन का प्रवास रहेगा। इसके बाद 16 जुलाई को सभी श्रद्धालुओं को मदुरै ले जाकर प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा पूरी करने के बाद विशेष ट्रेन 20 जुलाई को जयपुर लौटेगी।

देवस्थान मंत्री ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत आगामी विशेष ट्रेनें 20 जुलाई को अजमेर, 24 जुलाई को जोधपुर तथा 30 जुलाई को उदयपुर से रामेश्वरम-मदुरै के लिए रवाना होंगी।

इस अवसर पर मंत्री जोराराम कुमावत ने नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए हवाई यात्रा का कार्यक्रम भी जारी किया। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई से 22 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन नई दिल्ली एयरपोर्ट से 44 वरिष्ठ नागरिकों को विमान के माध्यम से काठमांडू भेजा जाएगा। इस अवधि में कुल 2860 वरिष्ठजन पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। शेष चयनित यात्रियों को दिसंबर माह में नेपाल भेजा जाएगा।

वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। 970 श्रद्धालुओं के साथ 30 सरकारी कर्मचारियों का दल भी यात्रा पर भेजा गया है, जिससे ट्रेन में कुल 1000 यात्री हैं। दल में ट्रेन प्रभारी, अनुदेशक और चिकित्सा कर्मी शामिल हैं। यात्रा के दौरान बुजुर्गों के खान-पान, स्वास्थ्य जांच तथा आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए चौबीसों घंटे व्यवस्था की गई है।

इस कार्यक्रम में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल, महामंत्री रेखा राठौड़, नवरत्न नाराणिया, सुरेंद्र पूर्व वंशी, आईआरसीटीसी के सीआरएम मुकेश सैनी, मैनेजर प्रदीप माहेश्वरी, देवस्थान विभाग जयपुर प्रथम के सहायक आयुक्त रतनलाल योगी, जयपुर द्वितीय के सहायक आयुक्त महेंद्र देवतवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के परिजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here