पीजी हड़पने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश: तीस लाख की अवैध मांग करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0
47

जयपुर। शिप्रा पथ थाना पुलिस ने पीजी संचालकों को निशाना बनाकर अवैध वसूली करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पीजी किराये पर लेने के बाद मकान मालिकों से विवाद खड़ा कर लाखों रुपए की वसूली करता था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षिराज ने बताया कि आरोपी महेन्द्र गुर्जर उर्फ बिल्लू (36) पुत्र लक्ष्मण, निवासी कोटपूतली-बहरोड़ को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी वर्तमान में गोपालपुरा स्थित गंगोत्री नगर में ‘श्री श्याम गर्ल्स पीजी’ में रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर पीजी को किराये पर लेता था और शुरुआत के एक-दो महीने तक नियमित किराया देता था। इसके बाद जानबूझकर विवाद खड़ा कर देता था और मामला किराया प्राधिकरण में ले जाकर कोर्ट से स्टे ऑर्डर ले आता था।

इसके बाद आरोपी किराया देना बंद कर देता और मकान खाली करने के एवज में मोटी रकम की मांग करता था। इस मामले में आरोपी ने परिवादी से 30 लाख रुपए की अवैध मांग की थी।

पुलिस के अनुसार पीजी संचालक अक्सर बैंक ऋण लेकर व्यवसाय शुरू करते हैं। भारी किस्तों के दबाव के चलते वे ऐसे गिरोह के दबाव में आकर रकम देने को मजबूर हो जाते थे।

आरोपी महेन्द्र गुर्जर के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2010 में कोटपूतली थाने में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) का मामला दर्ज है, इसके अलावा अन्य प्रकरण भी लंबित हैं।

इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षिराज और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा द्वारा दिए गए थे। कार्रवाई में शिप्रापथ थाना पुलिस टीम के हेड कांस्टेबल रविंद्र, कांस्टेबल जयदेव, राकेश धायल और सुरेश चोपड़ा की विशेष भूमिका रही।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। आमजन और पीजी संचालकों से अपील की गई है कि यदि वे भी ऐसे किसी गिरोह का शिकार हुए हैं तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here