डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग दंपती से 2 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी करने वाला पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

0
61
Elderly person's mobile phone stolen

जयपुर। पुलिस, एटीएस, एनआईए और आरबीआई के अधिकारी बनकर एक बुजुर्ग दंपती को गिरफ्तारी का भय दिखाकर 2 करोड़ रुपए से अधिक की साइबर ठगी करने के मामले में जयपुर सेंट्रल साइबर क्राइम थाने की टीम ने पश्चिम बंगाल के 24 परगना निवासी ललित विश्वास को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दंपती को करीब 20 दिन तक वीडियो कॉल के जरिए डिजिटल अरेस्ट रखने का दबाव बनाया था। मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम विजय कुमार सिंह ने बताया कि जयपुर निवासी परिवादिया ने 11 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अगस्त को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को पुलिस निरीक्षक बताया और उसके खिलाफ वारंट जारी होने की बात कही।

इसके बाद कथित एटीएस अधिकारियों के नाम पर वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करवाई गई। आरोपियों ने दंपती को आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन उपलब्ध कराने और उनके बैंक खाते से संदिग्ध लेन-देन होने का डर दिखाया।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाई गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस, एटीएस, एनआईए, आरबीआई, भारत सरकार और सुप्रीम कोर्ट के नाम व पहचान का कथित दुरुपयोग किया। व्हाट्सऐप पर फर्जी दस्तावेज, स्क्रीनशॉट और सरकारी व बैंकिंग प्रमाण-पत्र भेजकर दंपती को लगातार वीडियो कॉल पर रहने के लिए कहा गया। इस तरह उनसे 2 करोड़ रुपए से अधिक की रकम विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित करवाई गई।

पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, व्हाट्सऐप चैट, बैंक स्टेटमेंट, केवाईसी दस्तावेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के अनुसार, ललित विश्वास ने अपने नेटवर्क से जुड़े लोगों को बैंक खाते की जानकारी उपलब्ध कराने और धनराशि के लेन-देन में सहायता की। उसके द्वारा उपलब्ध कराए गए एचडीएफसी बैंक खाते में 2 सितंबर 2026 को 7 लाख रुपए जमा हुए थे। इसके बदले आरोपी ने कथित तौर पर 70 हजार रुपए कमीशन लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने परिचित साहिब से एचडीएफसी बैंक खाते का खाली चेक लिया और उसे असीम विश्वास तथा अतुन के मोबाइल नंबरों पर भेजा था। पुलिस आरोपी की भूमिका और ठगी की रकम के लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम विजय कुमार सिंह ने बताया कि ठगी के नेटवर्क और धनराशि के लेन-देन की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here