गद्दे की दुकान में भीषण आग: तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

0
44

जयपुर। राजधानी के सोडाला थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात रावल जी का बांदा स्थित औलिया मस्जिद के सामने एक तीन मंजिला भवन में संचालित गद्दे की दुकान में भीषण आग लग गई। ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि बेसमेंट में रह रहे एक परिवार को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात अनवर हुसैन और पप्पू भाई की गद्दे की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान में बड़ी मात्रा में गद्दे और अन्य ज्वलनशील सामान होने से आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई।

आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भवन के बेसमेंट में रह रहे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास की दुकानों को भी एहतियातन खाली कराया गया, ताकि आग अन्य प्रतिष्ठानों तक नहीं फैले।

घटना के दौरान मौके पर 500 से 800 लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत एवं बचाव कार्य में बाधा बनने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। देर रात तक पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here