जयपुर। बस्सी थाना इलाके में बुधवार दोपहर बोलेरो सवार तीन बदमाशों ने एक ई-रिक्शा चालक से लूटपाट करने का प्रयास किया। पैसे नहीं मिलने पर गुस्साए बदमाशों ने पत्थर से ई-रिक्शा चालक का सिर फोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ित जैसे-तैसे थाने पहुंचा और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि बैनाडा निवासी जयसिंह गुर्जर (42) ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवन व्याप्न करता है। जयसिंह गुर्जर बस्सी के बैनाड़ा स्टैण्ड पर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनका रास्ता रोका। जिसमें तीन युवक बोलेरों से नीचे उतरे और उसे घेर लिया। तीनों बदमाशों ने उसे डरा-धमका कर पैसों की मांग की। पीडित ने नकदी नहीं होने की बात कही तो बदमाशों ने उसकी तलाशी ली।
पैसे नहीं मिलने पर तीनों बदमाश आवेश में आ गए और जयसिंह के साथ मारपीट शुरु कर दी। मारपीट के दौरान एक बदमाश ने पास ही में पड़ा भारी पत्थर जयसिंह के सिर पर मार दिया और उसे गंभीर रुप से घायल कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों घायल अवस्था में जयसिंह को अस्पताल पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर बोलेरों सवार बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।



















