नगर पालिका चुनाव: पुलिस और प्रशासन की ओर से निकाला फ्लैग मार्च

0
30

जयपुर। नगर पालिका चुनाव को लेकर बुधवार को बगरू कस्बे में पुलिस और प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। अधिकारियों ने पुलिस जाप्ते के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान लोगों से चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय के निर्देश पर चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। फ्लैग मार्च का नेतृत्व मौजमाबाद एसडीएम एवं बगरू नगर पालिका के रिटर्निंग अधिकारी मुकेश अग्रवाल, बगरू एसीपी धर्मेंद्र कुमार शर्मा, बगरू थानाधिकारी चंद्रभान सिंह, सेज थानाधिकारी उदय सिंह और भांकरोटा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने किया। पुलिस अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कस्बे के प्रमुख मार्गों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद भी किया। उन्होंने चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने का भरोसा दिलाया।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर कोई सूचना या संदेश प्रसारित नहीं करें। लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने तथा चुनाव प्रक्रिया में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने या किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस-प्रशासन ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए अपनी तैयारियों का संदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here