जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के चंदवाजी थाना इलाके में निम्स यूनिवर्सिटी के 20 वर्षीय छात्र का शव बुधवार रात निजी हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना का पता कमरे से बदबू आने के बाद चला। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए निम्स अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस के अनुसार मृतक मोहित सैनी उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के लोटेसर का रहने वाला था और सीपीटी सेकेंड ईयर में पढ़ रहा था। वह यूनिवर्सिटी के सामने स्थित सनराइज हॉस्टल में रहता था। बुधवार रात करीब 11 बजे हॉस्टल के अन्य छात्रों को उसके कमरे से बदबू आने पर संदेह हुआ। सूचना पर चंदवाजी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को खुलवाया।
थानाधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए आशंका है कि छात्र ने एक-दो दिन पहले आत्महत्या की होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चलेगा। पुलिस ने मोहित के साथियों से घटना के संबंध में जानकारी ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कमरे से मिले मोबाइल फोन और अन्य सामान की जांच की जा रही है। साथ ही हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी बुधवार रात ही दे दी गई थी।
गौरतलब है कि निम्स यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक दिन पहले मंगलवार को भी एक बीटेक छात्र ने हॉस्टल की 15वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार दो दिनों में छात्रों की मौत की घटनाओं से हॉस्टल और यूनिवर्सिटी परिसर में चिंता का माहौल है।



















