साइबर क्राइम शाखा की नई पहल: अब बिना पहचान बताए दर्ज करा सकेंगे साइबर शिकायत

0
25
Police headquarters issued advisory regarding cyber fraud
Police headquarters issued advisory regarding cyber fraud

जयपुर। राजस्थान पुलिस साइबर क्राइम शाखा महिलाओं और बच्चों के साथ होने वाले ऑनलाइन उत्पीड़न, सोशल मीडिया पर अभद्रता और साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में अब महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऐसी सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके जरिए पीड़िता बिना अपनी पहचान उजागर किए ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकती है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि यदि किसी महिला या बालिका को फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर परेशान किया जा रहा है, तो वह नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर “महिलाओं/बच्चों से संबंधित अपराध विकल्प के माध्यम से गुप्त रूप से शिकायत दर्ज कर सकती है।

उन्होंने बताया कि पोर्टल पर “Report Anonymously” विकल्प चुनने पर शिकायतकर्ता से नाम, पता, आधार नंबर या अन्य निजी जानकारी नहीं मांगी जाती। शिकायत दर्ज करते समय केवल घटना से जुड़ी जानकारी, जैसे घटना की तारीख, समय, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का नाम, आरोपी की प्रोफाइल लिंक और संबंधित स्क्रीनशॉट अपलोड करने होते हैं। इससे पीड़िता की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रहती है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी संभव हो पाती है।

साइबर क्राइम शाखा के अनुसार शिकायत दर्ज करने के लिए सबसे पहले पोर्टल पर जाकर “Register a Complaint” विकल्प चुनना होगा। इसके बाद “महिलाओं/बच्चों से संबंधित अपराध” और फिर “Register Anonymously” विकल्प का चयन करना होगा। डिस्क्लेमर स्वीकार करने के बाद घटना का पूरा विवरण भरना होगा। यदि आरोपी की सोशल मीडिया आईडी या प्रोफाइल लिंक उपलब्ध हो तो उसे भी दर्ज किया जा सकता है। शिकायत सबमिट करने के बाद एक कंप्लेंट आईडी प्राप्त होगी, जिसे भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है।

साइबर क्राइम शाखा ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में आरोपी की प्रोफाइल लिंक, चैट, मैसेज और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें, क्योंकि ये कानूनी कार्रवाई में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित होते हैं।

विभाग ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध होता है अथवा ऐसा प्रयास किया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन, साइबर पुलिस स्टेशन, साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 और 9257510100 पर दी जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here