जयपुर। आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज के 140वें जन्मोत्सव महोत्सव के चौथे दिन शनिवार को अमरापुर धाम में श्रद्धा और भक्ति के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। इस अवसर पर गुरुकुल के 51 बटुकों को विधिवत भोजन प्रसादी कराई गई, वहीं सद्गुरु टेऊँराम महाराज को 140 प्रकार के व्यंजनों का विशेष भोग अर्पित किया गया।
धार्मिक आयोजन के तहत 51 बटुक ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भोजन ग्रहण किया। भोजन के बाद संतों ने सभी बटुकों को फल, नोटबुक, पेन, दक्षिणा तथा अन्य उपयोगी उपहार भेंट किए।
महोत्सव के दौरान आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज के समक्ष 140 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इनमें ढोढ़ा चटनी महाप्रसादी के साथ मेसू, टिक्की, कराची हलवा, खोराक, सिंघर की मिठाई, मठरी, गुजिया, सिंधी हलवा, नमकीन, घेवर, सिंधी मालपुए सहित अनेक पारंपरिक सिंधी व्यंजन शामिल रहे। पूरे अमरापुर धाम में सिंधी व्यंजनों की सुगंध और भक्तिमय वातावरण छाया रहा।
इस अवसर पर अहमदाबाद, अजमेर सहित विभिन्न स्थानों से आए भजन गायकों ने मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। वहीं संतों ने सद्गुरु टेऊँराम महाराज द्वारा रचित आध्यात्मिक वाणी का वाचन कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया।
आयोजन समिति के अनुसार रविवार को सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज का 140वां प्राकट्य दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रातः 5 बजे ब्रह्म मुहूर्त में लगभग 40 मिनट तक विशेष पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक में पंचामृत, विभिन्न औषधियां, फलों के रस, गौदुग्ध और गंगाजल का उपयोग किया जाएगा।
अभिषेक के बाद ब्राह्मणों और संतों की उपस्थिति में महाकुंभ सदृश चालीहा व्रत अनुष्ठान का समापन कराया जाएगा। इसके बाद हवन-यज्ञ, सत्संग, श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ एवं गीता पाठ के भोग, 140 किलो महाप्रसाद, 140 दीप प्रज्ज्वलन, बधाई गीत और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।



















