जयपुर/नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती के दिग्गज और अपराजित मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) फाइटर संग्राम सिंह 19 जुलाई (आज )को प्रतिष्ठित स्ट्राइक एशिया चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान के आबिद अली से भिड़ेंगे। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में होने वाले इस बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 से 7 बजे के बीच शुरू होने की संभावना है।
इस मुकाबले के विजेता को स्ट्राइक एशिया चैंपियन का खिताब मिलेगा। संग्राम सिंह के लिए यह मुकाबला पेशेवर कुश्ती से एमएमए तक के उनके सफल सफर का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट रेसलिंग चैंपियन संग्राम सिंह ने अपने पेशेवर एमएमए करियर की शानदार शुरुआत की थी। उन्होंने जॉर्जिया में अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान के अली रज़ा नासिर को महज 90 सेकंड में हराया था। इसके बाद नीदरलैंड्स में ट्यूनीशिया के हाकिम त्राबेलसी और अर्जेंटीना में फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर को भी शिकस्त दी। अर्जेंटीना में जीत दर्ज कर वह वहां पेशेवर एमएमए मुकाबला जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। फिलहाल उनका पेशेवर रिकॉर्ड 3-0 का है।
संग्राम सिंह युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘फिट इंडिया’ अभियान के आइकन भी हैं। इसके अलावा आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने उन्हें स्वच्छ भारत अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाया है। उनके अंतरराष्ट्रीय एमएमए अभियान को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का भी सहयोग प्राप्त है।
मुकाबले से पहले संग्राम सिंह ने कहा कि जब भी वह केज में उतरते हैं तो सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए लड़ते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी खेल का मुकाबला हमेशा विशेष होता है। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी की है तथा उनका लक्ष्य भारत का तिरंगा ऊंचा लहराना है।
इस मुकाबले को वर्ष 2026 के सबसे चर्चित भारत-पाकिस्तान कॉम्बैट स्पोर्ट्स मुकाबलों में से एक माना जा रहा है। यदि संग्राम सिंह जीत दर्ज करते हैं तो वह स्ट्राइक एशिया चैंपियन का खिताब अपने नाम करने के साथ ही मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में अपनी मजबूत पहचान को और सशक्त करेंगे।

















