एसएमएस अस्पताल में इवनिंग में भी शुरू होगी ओपीडी

0
85

जयपुर। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अब इवनिंग ओपीडी शुरू की जाएगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने गुरुवार को अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों को सुगमता से उपचार उपलब्ध करवाने, भीड़ प्रबंधन सुधारने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि एसएमएस अस्पताल देश के प्रमुख और सबसे अधिक रोगीभार वाले अस्पतालों में शामिल है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को उपचार के लिए लंबी कतारों और अनावश्यक इंतजार का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को तात्कालिक व्यवस्थाओं के साथ दीर्घकालिक योजना पर भी कार्य करने के निर्देश दिए।

गायत्री राठौड़ ने धन्वंतरि ओपीडी में कार्डियोलॉजी, मेडिसिन और आर्थोपेडिक्स विभाग का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों में रोगियों की संख्या अधिक रहती है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इवनिंग ओपीडी शुरू की जाए। प्रथम चरण में मेडिसिन विभाग में शाम 5 बजे से 7 बजे तक इवनिंग ओपीडी संचालित की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शाम की ओपीडी में भी वरिष्ठ चिकित्सकों सहित पर्याप्त संख्या में डॉक्टर और स्टाफ मौजूद रहेगा, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। इस व्यवस्था के सफल होने पर अन्य विभागों में भी इवनिंग ओपीडी शुरू करने पर विचार किया जाएगा।

प्रमुख शासन सचिव ने दवा वितरण केंद्रों का निरीक्षण करते हुए तत्काल प्रभाव से चार से पांच नए काउंटर खोलने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक दवा सूची में शामिल सभी दवाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमित आपूर्ति से उपलब्ध नहीं होने वाली दवाओं की नियमानुसार खरीद कर मरीजों को उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए कॉन्फेड जैसी संस्थाओं से भी समन्वय किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here