जयपुर। राजस्थान आयुर्वेद विभाग में 926 रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त चिकित्सा अधिकारियों की पुनर्नियुक्ति के आदेश का विरोध करते हुए युवा आयुर्वेद चिकित्सकों ने डॉ. भंवर चौधरी के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राज्य के हजारों बेरोजगार आयुर्वेद चिकित्सकों के हितों की रक्षा के लिए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई।
डॉ. भंवर चौधरी ने कहा कि प्रदेश में करीब 10 हजार आयुर्वेद स्नातक, एमडी एवं पीएचडी योग्यताधारी युवा चिकित्सक रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके बावजूद 926 रिक्त पदों पर नई भर्ती के बजाय सेवानिवृत्त चिकित्सा अधिकारियों की पुनर्नियुक्ति युवाओं के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि युवा चिकित्सक सरकार से केवल न्यायसंगत अवसर और नियमित भर्ती की मांग कर रहे हैं। यदि सरकार इस विषय पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो राज्यभर के युवा आयुर्वेद चिकित्सक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।



















