जयपुर। जवाहर नगर स्थित रानी लक्ष्मी बाई पार्क जयपुर में बने शिव मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा एवं मूर्ति अनावरण समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह स्वामी भगत प्रकाश महाराज के सान्निध्य में आयोजित हुआ, जिसमें संत मोनूराम साईं एवं साध मुकेश साईं की विशेष उपस्थिति रही।
स्वामी भगत प्रकाश महाराज ने प्रवचनों में धर्म, आस्था और विश्वास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्ची भक्ति ही ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग है। उन्होंने बताया कि मंदिर में शिव परिवार सहित हिंगलाज माता, हनुमान जी, झूलेलाल जी, खाटू श्याम जी एवं सतगुरु स्वामी टेऊँ राम जी की मूर्तियों की स्थापना की गई है।
समारोह के तहत 11 आचार्यों द्वारा नवकुंडीय यज्ञ संपन्न कराया गया। गणेश पूजन, कलश पूजन, षोडश मातृका पूजन एवं नवग्रह पूजन सहित विभिन्न वैदिक अनुष्ठान आयोजित हुए। प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व मूर्तियों का जलाधिवास, धान्याधिवास, फलाधिवास, क्षीराधिवास, घृताधिवास व पुष्पाधिवास कर सर्वोषधि, पंचामृत व गंगाजल से अभिषेक एवं नेत्रोन्मीलन की विधि पूरी की गई।
समिति अध्यक्ष सन्नी वरदानी ने बताया कि कार्यक्रम में शहर की विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मातृशक्ति द्वारा प्रस्तुत भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। समारोह के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।




















