तीन दिवसीय ऑपरेशन क्रैकडाउन में 700 से अधिक असामाजिक तत्व गिरफ्तार

0
89
Over 700 Anti-Social Elements Arrested in Three-Day 'Operation Crackdown'
Over 700 Anti-Social Elements Arrested in Three-Day 'Operation Crackdown'

जयपुर। जयपुर पूर्व जिला पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए गए तीन दिवसीय विशेष एरिया डोमिनेशन एवं ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत 700 से अधिक असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

इस अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) आलोक सिंघल के नेतृत्व में समस्त सहायक पुलिस आयुक्तों की देखरेख में 194 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने 564 स्थानों पर दबिश दी और 700 से अधिक संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया। इनमें 2 हार्डकोर अपराधी, 15 हिस्ट्रीशीटर, 15 स्थायी वारंटी तथा एक टॉप-10 अपराधी भी शामिल है।

इसके अलावा पुलिस ने 548 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएस तथा 17 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 129 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। वहीं अभियान के दौरान अवैध मादक पदार्थों से जुड़े 5 प्रकरण दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं अवैध शराब के 40 मामलों में 39 आरोपियों को पकड़ा गया। इसके अलावा अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई में 2 प्रकरण दर्ज किए गए, जिसमें 1 पिस्टल, 1 देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों के फिंगरप्रिंट्स लिए गए हैं। रिकॉर्ड के सटीक सत्यापन के लिए इनका मिलान ‘राजकॉप’ और ‘आईसीजेएस’ पोर्टल पर किया गया है।

इसके अलावा सोसायटियों में रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की भी सघन जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी माह में भी अपराधियों के विरुद्ध यह ‘प्रो-एक्टिव पुलिसिंग’ और धरपकड़ का अभियान जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here