94 मामलों में जब्त 800 से अधिक कार्टन अवैध शराब नष्ट

0
44
Over 800 cartons of illicit liquor seized in 94 cases destroyed.
Over 800 cartons of illicit liquor seized in 94 cases destroyed.

जयपुर। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरमाड़ा थाना पुलिस और आबकारी विभाग ने गुरुवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए वर्षों से जब्त पड़ी भारी मात्रा में अंग्रेजी और देसी शराब को नष्ट कर दिया। न्यायालय के आदेश की पालना में दौलतपुरा थाना क्षेत्र के निकट विशेष रूप से गहरा खड्डा खुदवाकर 800 से अधिक कार्टन अवैध शराब का निस्तारण किया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमले की गतिविधियां क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रहीं।

कार्यवाहक थाना प्रभारी राम अवतार ने बताया कि यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी जयपुर शहर महिपाल सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। अभियान में सहायक आबकारी अधिकारी शिवकुमार चौधरी, सहायक आबकारी अधिकारी सीमा कांवत तथा हरमाड़ा थाना कार्यवाहक थाना प्रभारी राम अवतार की निगरानी में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। कार्रवाई से पूर्व निर्धारित स्थल पर व्यापक तैयारियां की गईं और बड़ा खड्डा खोदा गया, जहां अधिकारियों एवं मजदूरों की मौजूदगी में एक-एक कर शराब के कार्टनों को खाली कर नष्ट किया गया।

कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि आबकारी अधिनियम एवं अवैध शराब तस्करी से जुड़े कुल 94 प्रकरणों में जब्त शराब कई वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन मामलों के चलते मालखानों में सुरक्षित रखी गई थी। हाल ही में न्यायालय से निस्तारण के आदेश प्राप्त होने के बाद सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शराब को नष्ट करने की कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार नष्ट की गई शराब में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब, देसी शराब तथा विभिन्न ब्रांडों की शराब शामिल थी। यह शराब अवैध तस्करी, अवैध परिवहन तथा आबकारी नियमों के उल्लंघन के मामलों में जब्त की गई थी। निस्तारण की पूरी प्रक्रिया आबकारी विभाग और पुलिस अधिकारियों की कड़ी निगरानी में संपन्न कराई गई, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

भारी मात्रा में शराब के निस्तारण को देखते हुए मौके पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम पूरे अभियान के दौरान सतर्क रही। खड्डे में शराब उड़ेलने और कार्टनों को नष्ट करने की प्रक्रिया विधिवत पूरी की गई। अधिकारियों ने पूरे अभियान की वीडियोग्राफी और दस्तावेजीकरण भी कराया।

अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई को शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा तथा तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। आबकारी विभाग और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से मालखानों में वर्षों से रखे जब्त माल का विधिसम्मत निस्तारण होने के साथ-साथ अवैध शराब कारोबारियों को भी सख्त संदेश गया है कि कानून से बचना संभव नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here