गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के पास टैंपो से धुआं उठने से मची अफरा-तफरी

0
37
Panic Erupts as Smoke Rises from Tempo Near Truck Loaded with Gas Cylinders
Panic Erupts as Smoke Rises from Tempo Near Truck Loaded with Gas Cylinders

जयपुर। झोटवाड़ा थाना इलाके की प्रेम नगर कॉलोनी में शनिवार सुबह गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के पास खड़े एक लोडिंग टैंपो से अचानक धुआं उठने पर अफरा-तफरी मच गई। घटना गैस गोदाम के बाहर हुई, जहां ट्रक सिलेंडर खाली करने पहुंचा था। समय रहते कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक सुबह गोदाम पर सिलेंडर उतारने पहुंचा था। ट्रक में ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे। ड्राइवर ट्रक को गोदाम के बाहर खड़ा कर अंदर चला गया। इसी दौरान ट्रक के पास खड़े लोडिंग टैंपो से अचानक धुआं उठने लगा। टैंपो से धुआं निकलता देख ट्रक में बैठा व्यक्ति घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा।

आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के ठीक पास धुआं उठता देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास की कॉलोनियों के लोगों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति पर तुरंत काबू पाया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय निवासी महेश ने बताया कि गैस गोदाम रिहायशी इलाके में संचालित हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने इसे हटाने की मांग को लेकर कई बार प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि आबादी के बीच गैस गोदाम होने से हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लोडिंग टैंपो में शॉर्ट सर्किट और तारों में स्पार्किंग के कारण धुआं उठा। बताया जा रहा है कि टैंपो को कुछ समय पहले ही चालक चलाकर लाया था। वाहन गर्म होने के कारण वायरिंग में स्पार्किंग हुई और धुआं निकलने लगा। हालांकि समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और कोई जनहानि नहीं हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here