जयपुर। कालवाड़ थाना इलाके में शुक्रवार को एक युवती ने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर हालत में युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है
पुलिस के अनुसार कालवाड़ निवासी 27 वर्षीय युवती पिछले चार वर्षों से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। वह हाथोज स्थित अपने फ्लैट पर अक्सर जाया करती थी। जिस पर शुक्रवार दोपहर भी वह फ्लैट पर पहुंची थी। दोपहर करीब दो बजे वह घर से निकलकर करीब 100 मीटर दूर स्थित एक रेजीडेंसी की छत पर पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि युवती ने रेजीडेंसी की चौथी मंजिल से अचानक छलांग लगा दी। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बचपन में साइकिल से गिरने के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी।
इसके बाद से वह लगातार स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी। पिछले कुछ वर्षों में उसकी मानसिक स्थिति अधिक खराब रहने लगी थी। परिजनों ने उसका विभिन्न अस्पतालों में उपचार भी कराया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



















