गला दबाकर महिला से मंगलसूत्र और मोबाइल लूटे

0
33

जयपुर। दौलतपुरा थाना इलाके में किराएदार द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर मकान मालकिन से लूटपाट करने का मामला सामने आया है। जहां बदमाशों ने महिला का गला दबाकर जानलेवा हमला किया और विरोध करने पर सिर दीवार में मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी महिला का सोने का मंगलसूत्र और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

थानाधिकारी सुनील गोदारा ने बताया कि मोटू का बास निवासी 45 वर्षीय रानी के साथ यह वारदात हुई। महिला ने करीब तीन महीने पहले मजदूरी करने वाले एक युवक को अपने मकान में किराए पर कमरा दिया था। आरोपी किराएदार के पास उसके दोस्तों का भी आना-जाना रहता था।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर आरोपी किराएदार अपने एक दोस्त को घर लेकर आया। दोनों ने लूट की नीयत से मकान मालकिन को पकड़ लिया और उसका गला दबाने लगे। महिला द्वारा विरोध करने पर हमलावरों ने उसका सिर दीवार में मार दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी उसके गले से सोने का मंगलसूत्र और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

घायल महिला करीब दो से तीन घंटे तक घर के अंदर बेसुध पड़ी रही और काफी देर बाद होश आने पर वह किसी तरह बाहर निकली और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए बराला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया।

पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थानाधिकारी सुनील गोदारा ने बताया कि महिला डरी-सहमी हुई है और फिलहाल पूरी घटना स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही है। उसकी स्थिति सामान्य होने पर विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस संदिग्ध आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here