पवित्रा एकादशी: श्री सरस निकुंज में पुत्रदा एकादशी पर आयोजित हुआ झूला महोत्सव

0
34

जयपुर। सुभाष चौक स्थित पानों का दरीबा में श्री शुक संप्रदाय की आचार्य पीठ ‘श्री सरस निकुंज’ में पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर भक्तिभाव के साथ झूला महोत्सव का आयोजन किया गया।

श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के पावन सानिध्य में ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी सरकार का वेदोक्त मंत्रोच्चार के बीच भव्य अभिषेक किया गया। अभिषेक के पश्चात प्रभु को नवीन पोशाक धारण कराई गई और मनमोहक पुष्पों से अलौकिक श्रृंगार कर झूले में विराजमान किया गया। श्री सरस निकुंज के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया के निर्देशन में उपस्थित वैष्णव भक्तों ने झूले के पारंपरिक पदों का गायन कर ठाकुर जी को रिझाया।

पुत्रदा एकादशी के मौके पर छोटीकाशी के विभिन्न प्रमुख देवालयों में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथ जी मंदिर में महंत सिद्धार्थ गोस्वामी के सानिध्य में भगवान का विशेष पूजन-अर्चन किया गया।वहीं चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर जी मंदिर में महंत मलय गोस्वामी के सानिध्य में ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक कर एकादशी उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

वहीं श्री कृष्ण-श्याम सखा ग्रुप की ओर से सावन के चौथे सोमवार एवं पवित्रा द्वादशी के शुभ संयोग पर रामगंज बाजार स्थित प्राचीन श्रीश्याम मंदिर में भव्य झूला और लहरिया उत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर महंत पं. लोकेश मिश्र के पावक सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

ग्रुप की अध्यक्ष शालू मिश्रा ने बताया कि इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में भजनामृत सत्संग का आयोजन हुआ। कार्यक्रम संयोजक श्रीराम चालीसा के अनुसार, बाबा श्याम को आकर्षक झूले में विराजमान कर विशेष लहरिया पोशाक धारण कराई गई। इसके साथ ही बाबा को विभिन्न प्रकार के घेवर का भोग लगाया गया।

उत्सव की खासियत यह रही कि पूरा मंदिर परिसर लहरिये की आकर्षक और रंग-बिरंगी थीम से सजाया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक लहरिया साड़ी पहनकर शिरकत की और एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर बाबा श्याम का गुणगान किया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here