गाइडलाइन की अनदेखी पर स्पा सेंटर में पुलिस की दबिश

0
28

जयपुर। आदर्श नगर इलाके में पुलिस ने स्पा सेंटरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को कार्रवाई करते हुए ‘नमस्ते थाई स्पा सेंटर’ पर छापा मारा। जयपुर पूर्व जिला विशेष टीम (डीएसटी) और आदर्श नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आयुक्तालय की गाइडलाइन का उल्लंघन पाए जाने पर चार युवतियों और चार पुरुषों सहित आठ जनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि स्पा सेंटरों की आड़ में होने वाली अनियमितताओं और अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। स्पा संचालकों को पूर्व में पुलिस की गाइडलाइन की पालना के संबंध में निर्देश और चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी मिलने पर कार्रवाई की गई।

थानाधिकारी छगन लाल ने बताया कि स्पा सेंटरों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी और गाइडलाइन का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में डीएसटी से उप निरीक्षक बन्ना लाल, सहायक उप निरीक्षक छीतरमल सहित पुलिसकर्मी तथा आदर्श नगर थाने से हेड कांस्टेबल रामनिवास, धर्मेंद्र कुमार, धर्मसिंह और महिला कांस्टेबल पूनम शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here