जयपुर। समाज श्री सीताराम जी की ओर से छोटी चौपड़ स्थित श्री सीताराम जी मंदिर में गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ फूल बंगला महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्री सीताराम का 100 किलो मोगरा, जूही, खस, कड़ेल और गुलाब के फूलों से भव्य श्रृंगार कर आकर्षक फूल बंगला सजाया गया।
मंदिर में फूल बंगला सजाने का कार्य प्रसिद्ध कारीगर भरत शर्मा एवं उनकी टीम ने किया। मंदिर के नंदकिशोर शर्मा ने ठाकुरजी को विशेष पोशाक धारण कराकर मनमोहक श्रृंगार के बाद फूल बंगले में विराजमान कराया।
समाज के मंत्री रामबाबू झालानी ने बताया कि भगवान को विभिन्न फलों, फलों के रस, आंवला एवं बेल के मुरब्बे तथा जयपुर की प्रसिद्ध दाल-बाटी-चूरमा का भोग अर्पित किया गया।
समाज के अध्यक्ष नवल किशोर झालानी ने बताया कि कार्यक्रम में रामगोपाल बूसर, रामशरण हल्दिया, अवधेश पोद्दार, रामप्रसाद अग्रवाल, केशव अग्रवाल, गोबिंद झालानी, प्रदीप सेठी, नारायण अग्रवाल, रमेश बाईजीवाले, राधा गोपाल झालानी, अनुराग खेतान, बृजमोहन अग्रवाल, हरी बल्लभ, अवधेश पाटोदिया, बृजबिहारी दुसाध, रमेश बिजली वाले, महेश भगत, राजाबाबू पाटोदिया, मनीष भूखमारिया, नंदकिशोर भूखमारिया, गिरधारी सीताराम और साक्षी गोपाल सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भजन एवं पदों की प्रस्तुति देकर भगवान को रिझाया।
भक्तों ने “दिखाओ मौज बंगले की…”, “किया सुमन श्रृंगार…” और “निरखो फूलों का बंगला में सियाराम बिराजै छै…” जैसे पद विभिन्न राग-रागिनियों में प्रस्तुत किए। अंत में श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा सभी को प्रसाद वितरित किया गया।



















