जयपुर। विजय नगर द्वितीय स्थित श्री मनसापूरण हनुमान जी एवं श्री सीताराम जी मंदिर में गुरुवार को मंदिर का पाटोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। महंत राधेश्याम शर्मा (लल्लू महाराज) के सान्निध्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
पाटोत्सव के तहत प्रातःकाल हनुमान जी का पंचामृत एवं दुग्धाभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान को चोला अर्पित कर नवीन पोशाक धारण कराई गई। इस अवसर पर श्री सीताराम दरबार की विशेष झांकी तथा हनुमान जी की आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई। भगवान को ठंडी तासीर वाले व्यंजनों और लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद 108 दीपकों से महाआरती कर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। पाटोत्सव के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।



















