शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार

0
40

जयपुर। राजधानी में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। राजस्थान पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार जयपुर निवासी 24 वर्षीय युवती ने मामला दर्ज कराया कि नवंबर 2025 में जोधपुर में तैनात एक कांस्टेबल से उसकी शादी की बात चली थी। इस दौरान आरोपी ने मुलाकात के लिए उसे जयपुर बुलाया और दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हो गई।

जनवरी 2026 में आरोपी कांस्टेबल छुट्टी लेकर जयपुर आया और युवती को होटल में मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वहां आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने जल्द शादी करने का भरोसा देकर उसे चुप करा दिया। इसके बाद आरोपी ने 2-3 बार और मुलाकात की, लेकिन जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने साफ इनकार कर दिया।

धोखे का एहसास होने पर पीड़िता ने परिजनों को जानकारी देकर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मेडिकल जांच व पर्चा बयान के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here