जयपुर। अवैध हथियारों और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के तहत जयपुर पूर्व पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रामनगरिया थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘आग’ के तहत दो बदमाशों को अवैध जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा, जबकि खोह नागोरियान थाना पुलिस ने एक आरोपी को धारदार छुरे और दूसरे को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।
रामनगरिया थाना पुलिस ने गश्त और निगरानी के दौरान अजय चौधरी (24) निवासी बीलवा, शिवदासपुरा और बुद्धिप्रकाश वर्मा (29) निवासी जामडोली, टोंक को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा। तलाशी में दोनों के कब्जे से एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज कर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
वहीं खोह नागोरियान थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जगदीश चौधरी (42) निवासी बगरू, हाल श्याम नगर को अवैध धारदार छुरे के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर हथियार के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
दूसरी कार्रवाई में लक्ष्मी नगर, लुनियावास निवासी नील कमल शर्मा (29) को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आगामी नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर अवैध हथियार, शराब और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


















