जयपुर। अजा एकादशी के पावन अवसर पर गुलाबी नगरी (छोटीकाशी) में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की। शहर के प्रमुख मंदिरों में तड़के से ही दर्शनों के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।
गोविंद देवजी और सरस निकुंज में विशेष मनोरथ
प्रसिद्ध श्री गोविंद देवजी मंदिर में एकादशी के अवसर पर ठाकुरजी को आकर्षक लाल रंग की पोशाक धारण कराई गई और गोचारण भाव से मनमोहक श्रृंगार किया गया। वहीं सुभाष चौक, पानो का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की आचार्य पीठ ‘श्री सरस निकुंज’ में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के पावन सान्निध्य में एकादशी उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। यहाँ ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी सरकार का पंचामृत से अभिषेक कर ऋतु पुष्पों से दिव्य श्रृंगार किया गया।
शहरभर के देवालयों में गूंजे जयकारे
अजा एकादशी पर पुरानी बस्ती स्थित श्री राधा गोपीनाथ जी, चौड़ा रास्ता के श्री राधा दामोदर जी, मदन गोपाल जी, ब्रज निधि जी, लाड़लीजी एवं मुरली मनोहर जी मंदिर सहित विभिन्न देवालयों में भी एकादशी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। दिनभर मंदिरों में भजन-कीर्तन और झांकियों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही। इधर गलता गेट स्थित श्री गीता गायत्री श्याम मंदिर में एकादशी के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मंदिर में पंडित राजकुमार चतुर्वेदी ने श्याम प्रभु का पंचामृत अभिषेक कर उन्हें नवीन मनमोहक पोशाक धारण कराई और नयनाभिराम श्रृंगार किया। अभिषेक और श्रृंगार के पश्चात मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसके बाद विधिवत हवन संपन्न किया गया। घंटे-घड़ियालों की गूंज के बीच प्रभु की भव्य महाआरती उतारी गई। मंदिर के प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि एकादशी के अवसर पर श्याम प्रभु के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और आशीर्वाद प्राप्त किया।



















