यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा: दो दिन में 16,656 वाहनों पर कार्रवाई

0
50
Police crack down on traffic rule violators.
Police crack down on traffic rule violators.

जयपुर। प्रदेश में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों और वीआईपी कल्चर का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे महाअभियान के पांचवें और छठे दिन पुलिस ने प्रदेशभर में व्यापक नाकाबंदी और सघन जांच अभियान चलाकर 16,656 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के तहत वाहनों में किए गए अवैध संशोधन, अनधिकृत लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर एवं स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा वाहनों पर लिखे गए अनधिकृत शब्दों और चिन्हों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई में सबसे अधिक मामले वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगाने और नियमों के विपरीत नंबर प्लेटों के सामने आए। दो दिनों में काली फिल्म लगाने के 6,406 तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्हों के 4,621 मामले दर्ज किए गए।
अभियान के दौरान वाहन पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 2,228, वाहन की संरचना में अवैध परिवर्तन के 1,533, अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं स्ट्रोब लाइट के 998 तथा प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के 870 मामलों में कार्रवाई की गई।

कोटा सिटी सबसे आगे, जयपुर में भी सख्ती

कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार कोटा सिटी पुलिस पूरे प्रदेश में सबसे अधिक सक्रिय रही। कोटा सिटी पुलिस ने दो दिनों में 1,899 वाहनों के खिलाफ चालान एवं जब्ती की कार्रवाई की। वहीं झालावाड़ पुलिस ने अभियान के छठे दिन अकेले 813 वाहनों पर कार्रवाई कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। राजधानी जयपुर में डीसीपी ट्रैफिक की टीम ने दोनों दिनों में कुल 1,268 उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की।

डॉ. मीणा ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सड़कों को सुरक्षित बनाने का सतत प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से बत्तियां लगाकर कानून से ऊपर दिखने की कोशिश करने वालों, प्रेशर हॉर्न से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों तथा काली फिल्म की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here