जयपुर। जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध थाना ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में वांछित अपराधी अनिल कुमार माहेश्वरी के खिलाफ ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है।
क्राइम ब्रांच कश्मीर के अनुसार आरोपी अनिल कुमार माहेश्वरी मूल रूप से जयपुर के झोटवाड़ा इलाके का निवासी है। इसके खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत गंभीर आरोप हैं। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया है।
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार आरोपी अश्योर्ड एग्रो फूड इंडस्ट्रीज उत्तराखंड में रीजनल सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत रहा है। पुलिस को अंदेशा है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग कर कई लोगों को आर्थिक चपत लगाई है।
आरोपी का कद लगभग 5 फीट 5 इंच है और उसके बाल काले हैं। वर्तमान में वह अपने जयपुर स्थित आवास सत्या नगर से भी गायब बताया जा रहा है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि इस व्यक्ति के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करे।



















