नकली तानसेन पान मसाला फैक्ट्री पर पुलिस ने मारा छापा

0
43

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम स्पेशल टीम (सीएसटी) और कानोता थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कानोता क्षेत्र में संचालित नकली तानसेन पान मसाला और जर्दा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली पान मसाला, जर्दा, पैकिंग सामग्री और मशीनरी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी टीम को आगरा रोड स्थित विजयनगर (लक्ष्मी भट्टा के पास) एक कारखाने में नकली तानसेन पान मसाला और जर्दा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद 24 जुलाई को सीएसटी और कानोता थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से जमील भाई (50) निवासी वजीरपुर जिला (सवाई माधोपुर) तथा हाल खोह नागोरियान (जयपुर) को गिरफ्तार किया। आरोपी किराए के मकान में अवैध फैक्ट्री संचालित कर नामी ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद तैयार कर रहा था।

पुलिस ने फैक्ट्री से 22,908 नकली तानसेन पान मसाला पाउच, 45,000 टीजीरो जर्दा पाउच, 900 खाली पाउच, 40 किलोग्राम तानसेन पैकिंग रोल, 3 किलोग्राम कच्चा तानसेन मसाला, दो इलेक्ट्रिक सिलाई मशीन, एक इलेक्ट्रिक कांटा (वजन मशीन), एक हीटर और एक पाउच सीलिंग मशीन जब्त की है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि नकली पान मसाला और जर्दा की सप्लाई जयपुर और आसपास के किन-किन दुकानदारों व व्यापारियों को की जा रही थी तथा इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here