नर्सिंगकर्मी की मौत के 25 दिन बाद गर्भवती पत्नी ने भी खाया जहर

0
35

जयपुर । जयपुर में नर्सिंगकर्मी दीपक खारवाल की आत्महत्या के 25 दिन बाद उनकी दो माह की गर्भवती पत्नी करिश्मा खारवाल ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उन्हें पहले दौसा से सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद न्यू मेडिकल आईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन गर्भावस्था और जहर के असर को देखते हुए उन्हें निगरानी में रखा गया है।

जानकारी के अनुसार 12 जून को महिला चिकित्सालय सांगानेरी गेट में कार्यरत संविदा नर्सिंग कर्मी दीपक खारवाल (25) ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि सेवा से हटाए जाने के बाद वह मानसिक तनाव में थे। पति की मौत के बाद से ही दो माह की गर्भवती करिश्मा गहरे अवसाद में चल रही थीं।

परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे करिश्मा के पिता रामसिंह खारवाल खेत पर गए हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के अलग-अलग हिस्सों में थे। इसी दौरान करिश्मा ने खेतों में इस्तेमाल होने वाला विषाक्त पदार्थ पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल दौसा अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोपहर करीब 12:30 बजे उन्हें एसएमएस अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें न्यू मेडिकल आईसीयू में शिफ्ट किया गया।

करिश्मा के पिता रामसिंह खारवाल ने बताया कि दीपक की मौत के बाद उनकी बेटी लगातार मानसिक तनाव में थी। वह अक्सर भविष्य और परिवार के पालन-पोषण को लेकर चिंता जताती थी। परिवार के सदस्य हर समय उसे संभालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन सोमवार को कुछ देर के लिए अकेली मिलने पर उसने यह कदम उठा लिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि दीपक की मौत के बाद सरकार और प्रशासन की ओर से परिवार को कोई ठोस सहायता नहीं मिली। यदि समय पर मदद और भरोसा मिलता तो संभवतः करिश्मा इतना बड़ा कदम नहीं उठाती।

वहीं घटना की जानकारी मिलने पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और विधायक रफीक खान एसएमएस अस्पताल पहुंचे। दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चिकित्सकों से करिश्मा के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

वहीं एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करने की घोषणा की। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। फिलहाल करिश्मा का एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here