जयपुर। मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है—इसी मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए जयपुर स्थित ‘श्री अमरापुर स्थान’ और ‘श्री प्रेम प्रकाश सेवा मंडली’ के तत्वावधान में रविवार को एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज के आशीर्वाद एवं हजारा हजूर पूज्य गुरुदेव सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज की प्रेरणा से 425 निर्धन परिवारों को दैनिक उपयोग में आने वाली खाद्य एवं सामग्री किट वितरित की गई। गौरतलब है कि सेवा मंडली द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को इस पुनीत कार्य का आयोजन किया जाता है।
वितरित की गई राशन किट के अंतर्गत निर्धन परिवारों को जीवनोपयोगी वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें मुख्य रूप से आटा, चावल, चीनी, मैदा, खाद्य तेल, मिर्च-मसालों के साथ ताजे फल, नारियल, ब्रेड, मिष्ठान एवं दैनिक गृह उपयोग के बर्तन का वितरण किया गया।
संस्था से जुड़े संतों ने जानकारी देते हुए बताया कि आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज की पावन शिक्षाओं का पालन करते हुए सेवा मंडल निरंतर समाज कल्याण के कार्यों में जुटा हुआ है। हाल ही में ‘गुरु पूर्णिमा’ के पावन अवसर पर भी श्री अमरापुर स्थान की ओर से जयपुर के विभिन्न कुष्ठ आश्रमों में प्रसाद स्वरूप फल, मिठाई और नारियल भिजवाए गए थे।



















