कांवड़ यात्रा और आगामी पर्वों की तैयारियों पर हवामहल विधायक ने दिए व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश

0
44
Preparations for the Kanwar Yatra and upcoming festivals
Preparations for the Kanwar Yatra and upcoming festivals

जयपुर। श्रावण माह में चल रही कांवड़ यात्राओं और आगामी स्वतंत्रता दिवस, तीज उत्सव, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी को देखते हुए हवामहल विधानसभा क्षेत्र में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने नगर निगम, जेडीए, विद्युत, पीएचईडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आमजन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि धार्मिक एवं राष्ट्रीय आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों, महिलाओं, युवाओं और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

बैठक में सफाई, सीवरेज, ड्रेनेज, सड़क दुरुस्तीकरण, विद्युत व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति सहित मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा हुई। कांवड़ यात्रा एवं धार्मिक आयोजनों के मार्गों पर नियमित सफाई, जल निकासी, सड़कों की मरम्मत और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्वामी बालमुकुंदाचार्य ने अधिकारियों से कहा कि सीवरेज, ड्रेनेज, सड़क, पेयजल और बिजली से जुड़ी जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निरीक्षण कर समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रावण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंच रहे हैं और कांवड़ यात्राओं में भी सहभागिता कर रहे हैं। आगामी पर्वों को देखते हुए क्षेत्र में स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना सभी विभागों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने सफाई व्यवस्था नियमित रखने, ड्रेनेज व सीवरेज की जाम समस्याओं का स्थायी समाधान करने तथा जरूरत वाले स्थानों पर सड़कों का समयबद्ध दुरुस्तीकरण कराने के निर्देश दिए। विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने पर भी जोर दिया।

बैठक में नगर निगम हवामहल-आमेर जोन उपायुक्त, अधिशासी अभियंता प्रोजेक्ट व गैरेज, जेडीए के अभियंता, जोन राजस्व अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिशासी व सहायक अभियंता, पीएचईडी के अधिशासी अभियंता, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक तथा वार्डों के स्वास्थ्य निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विधायक ने विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here