प्रिंसेस गौरवी कुमारी और महाराजा पद्मनाभ सिंह ने की तीज माता की पूजा

0
178

जयपुर। तीज पर्व के अवसर पर सिटी पैलेस स्थित जनानी ड्योढ़ी में प्रिंसेस गौरवी कुमारी ने तीज माता की पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक राजस्थानी परिधान धारण कर पूरे श्रद्धा भाव के साथ माता के समक्ष दीप प्रज्वलित किए और सुख-समृद्धि की कामना की। महल परिसर में इस अवसर पर विशेष धार्मिक माहौल देखने को मिला, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और शंख-घंटों की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इसके बाद तीज माता की शाही सवारी राजसी लवाजमे के साथ त्रिपोलिया गेट पहुंची। इस भव्य सवारी में हाथी-घोड़े, पारंपरिक बैंड-बाजे और सजे-धजे रथ शामिल रहे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक उमड़ पड़े। पूरे मार्ग को रंग-बिरंगी सजावट और फूलों से आकर्षक रूप दिया गया था, जिससे शहर में उत्सव का माहौल और भी भव्य हो गया।

त्रिपोलिया गेट पर हिज हाइनेस महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने भी पूरे रीति-रिवाज के साथ तीज माता की पूजा-अर्चना कर आरती की। उन्होंने परंपरागत राजसी वेशभूषा में माता के समक्ष दीप जलाकर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here