नेमिनाथ जन्म-तप कल्याणक पर निकली शोभायात्रा

0
38

जयपुर। जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक दिवस मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों में अभिषेक, शांतिधारा और विशेष पूजा-अर्चना हुई। बोरडी का रास्ता स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर लश्कर से चौकड़ी मोदीखाना के विभिन्न मार्गों से भगवान नेमिनाथ की शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर पहुंचने पर मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक और महाआरती के साथ आयोजन का समापन हुआ।

जनकपुरी, बापूगांव स्थित छोटा गिरनार अतिशय क्षेत्र, आगरा रोड स्थित चूलगिरी, शास्त्री नगर, सूर्यनगर, टोंक रोड, दुर्गापुरा, सेठी कॉलोनी, सांगानेर सहित विभिन्न जैन मंदिरों में भी जन्म एवं तप कल्याणक के आयोजन हुए। मंदिरों में अष्ट द्रव्य के अर्घ्य चढ़ाए गए। बाहरली नसियां आमेर में महिला मंडल की ओर से नेमिनाथ विधान पूजा तथा शाम को कलशाभिषेक और सामूहिक गोठ का आयोजन हुआ।

जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का 2878वां निर्वाणोत्सव बुधवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ मोक्ष के प्रतीक निर्वाण लाडू चढ़ाए जाएंगे। जैन धर्मावलंबी इस पर्व को मुकुट सप्तमी या मोक्ष सप्तमी के रूप में भी मनाते हैं। कई मंदिरों में पार्श्वनाथ विधान की संगीतमय पूजा होगी।

चातुर्मास स्थलों पर शाश्वत सिद्ध क्षेत्र सम्मेद शिखरजी की झांकी सजाकर भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष स्थल स्वर्णभद्र कूट पर निर्वाण लाडू अर्पित किए जाएंगे। चित्रकूट कॉलोनी, निमोड़िया, पदमपुरा, दहमीकलां, जनकपुरी, भट्टारकजी की नसिया, मीरा मार्ग, मुहाना, बीलवा, मानसरोवर, सेठी कॉलोनी, कमला नेहरू नगर, मुरलीपुरा, मंगल विहार और विवेक विहार सहित विभिन्न जैन मंदिरों में संतों एवं आर्यिकाओं के सान्निध्य में विशेष आयोजन होंगे। आमेर के नटाटा स्थित श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर और आगरा रोड स्थित चूलगिरी सहित अन्य मंदिरों में भी निर्वाणोत्सव मनाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here