जयपुर । जोधपुर संभाग के वरिष्ठ पत्रकार, नागरिक कल्याण मंच के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता माणकमल भंडारी को उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल की मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) का सदस्य नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति क्षेत्र के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने एक समारोह में श्री भंडारी को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने माणकमल भंडारी के लगभग 55 वर्षों के सफल एवं निष्पक्ष पत्रकारिता जीवन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि समाज और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में भंडारी का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव का लाभ अब रेलवे एवं रेल यात्रियों को भी मिलेगा।
हितेश यादव ने इस दौरान मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि समिति का उद्देश्य रेल यात्रियों की सुविधाओं में सुधार, स्टेशनों के विकास, यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझावों को रेलवे प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने भंडारी से भीनमाल एवं जालोर जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों की आवश्यकताओं, यात्री सुविधाओं तथा विकास संबंधी सुझावों का विस्तृत मसौदा तैयार कर आगामी डीआरयूसीसी बैठक में प्रस्तुत करने का आग्रह किया, ताकि उन पर सकारात्मक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि भंडारी का कार्यकाल दो वर्ष तक रहेगा। इस दौरान भंडारी क्षेत्र की रेलवे सम्बंधित समस्याओं के निराकरण में विशेष रूप से सहयोगी बन सकते हैं।
इस अवसर पर अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के राष्ट्रीय सचिव शेख रईस अहमद ने माणकमल भंडारी का फूलमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा किभंडारी की नियुक्ति पत्रकारिता जगत के साथ-साथ पूरे जालोर जिले के लिए सम्मान की बात है तथा उनके अनुभव से क्षेत्र के रेलवे विकास को नई दिशा मिलेगी। समारोह में उपस्थित रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री माणकमल भंडारी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे रेल यात्रियों की समस्याओं एवं जनभावनाओं को समिति के माध्यम से रेलवे प्रशासन तक प्रभावी रूप से पहुंचाकर क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
माणकमल भंडारी को डीआरयूसीसी सदस्य बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनुशंसा पर केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विन वैष्णव ने रेलवे विभाग को निर्देशित किया था। इस कार्य के लिए जालोर-सिरोही सांसद लूम्बाराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित एवं निवर्तमान जिला प्रमुख राजेश राणा का भी सहयोग रहा । भंडारी के सदस्य बनने पर इनके साथ कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की हैं।



















