जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पश्चिम की दौलतपुरा थाना पुलिस ने ऑपरेशन स्पेशल एरिया डोमिनेशन के तहत कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक महिला को 2.12 ग्राम अवैध स्मैक के साथ पकड़ा। इसके अलावा शांति भंग की आशंका में पांच लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई कर उन्हें पाबंद किया गया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस टीम ने दौलतपुरा थाने में दर्ज प्रकरण में वांछित आरोपी महेंद्र कुमार सैनी (20) निवासी सामोद हाल बदनपुरा चेतावाला रोड खोरा श्यामदास को गिरफ्तार किया। वहीं नशे के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने सालासर बिहार-32 से आरती सांसी (23) निवासी अखैपुरा को पकड़ा।
उसके कब्जे से 2.12 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा इस अभियान के दौरान शांति भंग की आशंका में पांच व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें पाबंद किया गया। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
ऑपरेशन आग में दो बदमाश गिरफ्तार: कट्टा-कारतूस और धारदार छुरी बरामद
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट दक्षिण में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आग’ के तहत डीएसटी दक्षिण और सांगानेर सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, 8 कारतूस और एक धारदार छुरी बरामद की है। इसके साथ ही मुहाना थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात से संबंधित सामान भी जब्त किया गया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि अवैध हथियार रखने और उनकी तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान के लिए डीएसटी प्रभारी विशंभर दयाल और सांगानेर सदर थानाधिकारी गुरु भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक योगी (22) निवासी अलीगढ़ जिला टोंक और राहुल चौधरी (19) निवासी बनेठा जिला टोंक सांगानेर सदर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से बरामद हथियार व चोरी का सामान जब्त कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को पूछताछ में अन्य वारदातों और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। कार्रवाई में सांगानेर सदर थाना एवं डीएसटी की विशेष टीम शामिल रही।


















