कार में मिली रेजिडेंट डॉक्टर की लाश: एसी बंद होने के बाद दम घुटने से मौत की आशंका

0
38

जयपुर। राजधानी जयपुर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कार में रेजिडेंट डॉक्टर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि डॉक्टर ने शराब के नशे में कार सड़क किनारे खड़ी कर एसी चलाकर आराम किया था। पेट्रोल खत्म होने से एसी बंद हो गया और बंद कार में गर्मी के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा मेडिकल बोर्ड से होने वाले पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

आदर्श नगर थानाधिकारी मनीष गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान डॉ. संदीप कुमार शर्मा (37) पुत्र ओमप्रकाश शर्मा, निवासी उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) के रूप में हुई है। वह एसएमएस मेडिकल कॉलेज के स्किन (डर्मेटोलॉजी) विभाग में प्रथम वर्ष का रेजिडेंट डॉक्टर था।

पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली कि बर्फखाना के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में एक युवक बेसुध अवस्था में बैठा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक कार का दरवाजा खोलने और अंदर बैठे युवक को आवाज देकर जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद कार का शीशा तोड़कर लॉक खोला गया। अंदर ड्राइवर सीट पर बैठे युवक की जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कार से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। तलाशी के दौरान कार के अंदर शराब का एक क्वार्टर भी मिला है। पुलिस ने शव को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार कार करीब पांच घंटे से सड़क किनारे खड़ी हुई थी। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि डॉक्टर ने शराब का सेवन करने के बाद कार में एसी चलाकर आराम किया। संभवतः पेट्रोल खत्म होने के कारण एसी बंद हो गया और बंद कार के भीतर लंबे समय तक रहने से दम घुटने की स्थिति बनी।

थानाधिकारी मनीष गुप्ता ने बताया कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here