सड़क सुरक्षा अभियान: प्रदेश में 34 हजार से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

0
206
A celebration of culture, light and pride: MP Manju Sharma
A celebration of culture, light and pride: MP Manju Sharma

जयपुर । सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदेशभर में 18 नवम्बर तक सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान राज्य में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ करने,वाहन चालकों को जागरूक करने तथा यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा निरंतर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।

तीन गुना तक बढ़ी पुलिस विभाग की कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी. एल. मीना ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पहले दिन से तीन गुना तक सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने पर 999, तेज गति से वाहन चलाने पर 4 हजार 460, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 2 हजार 554, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर 480, बिना रिफ्लेक्टर वाहन चलाने पर 514 तथा बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 1 हजार 725 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 34 हजार 645 नागरिकों को यातायात नियमों एवं सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।

डॉ. मीना ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न राजमार्गों पर एनएच-48 मॉडल के अनुरूप लेन ड्राइविंग सिस्टम लागू करने के लिए पुलिस जाप्तों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही, लेन ड्राइविंग सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीमें तैनात रहीं और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

चिकित्सा विभाग ने की ट्रक व बस चालकों की नेत्र जांच, वितरित किए चश्में

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के तहत 6 नवंबर को राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर चलने वाले 461 व्यावसायिक वाहन (ट्रक व बस) चालकों की नेत्र जांच कर 111 जरूरतमंद चालकों को चश्मे वितरित किए।

परिवहन विभाग की कार्रवाई में आई तेजी

परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने अभियान के तहत प्रदेश में नियमों का उल्लंघन करने पर अब तक कुल 4572 वाहनों के चालान किए हैं।
विभाग ने कार्रवाई में तेजी लाते हुए 1 हजार 814 वाहनों के चालान किए। इसमें मालवाहक वाहनों पर ओवरलोडिंग के 115, इन वाहनों में यात्री पाए जाने पर 36 तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 1 हजार 214 मालवाहक वाहनों के चालान किए गए। यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री पाए जाने पर 19, छत पर सामान रख संचालन करने पर 6 बसों तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 283 यात्री वाहनों का चालान किया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग द्वारा 34 व्यक्तियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए गए, 9 वाहनों का परमिट भी कैंसिल किया तथा 87 वाहनों को सीज किया गया है। इस दौरान अन्य प्रकरणों में भी विभाग द्वारा चालान किए गए हैं।

संबंधित विभागों की समन्वित कार्यवाही

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत राज्य सरकार के विभिन्न विभागों तथा जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न जिलों में सड़क किनारे झाड़ियाँ हटाने, स्पीड ब्रेकर सही करने, चेतावनी, संकेतक एवं साइन बोर्ड लगाने, अनाधिकृत कट बंद करने आदि कार्य किए गए। नगरीय विकास एवं स्थानीय निकाय विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने, रोड़ लाइट्स दुरुस्त करने, निराश्रित पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने सहित विभिन्न कार्यवाही की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here